संदिग्ध परिस्थिति में मिला युवक का शव
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। जिले के सर्कुलर रोड पर स्थित गोशाला के पास बीती देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान जगदीश रावर 40 निवासी गांव कोसा, जिला जाजगीर चंपा (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। मामले की जांच कर रही डिवीजन नंबर-1 पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी निर्मला बाई दीवर के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी ने बताया कि उनका पति बीती शाम को घर के पास ही गोशाला की ओर गया था। देर तक नहीं लौटने के बाद जब परिजन उन्हें देखने गए तो शव झाड़ियों में पड़ा मिला। पुलिस ने उक्त बयान के आधार पर कार्रवाई करते हुए मौत का कारण जानने के लिए सिविल अस्पताल के तीन डॉक्टरों का बोर्ड बनाया है। अगली कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।