110 घरों की चेकिंग, सात घरों में मिला डेंगू का लारवा
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। वार्ड नंबर-1 के अधीन आते जिंदा पिंड व इंदिरा कालोनी में डेंगू की रोकथाम के लिए सेहत विभाग की टीम ने दौरा किया। इस दौरान इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह, प्यारा लाल, गुरुपाल व तिलक राज ने इंदिरा कालोनी व जिंदा पिंड के 110 घरों में चेकिंग की। इस चेकिंग के दौरान इंदिरा कालोनी के 7 घरों में पानी से भरे ड्रम में डेंगू का लारवा मिला है। इसके अलावा एक कूलर में जमा हुए पानी में भी डेंगू का लारवा मिला है। टीम ने ड्रम व कूलर से पानी खाली करवाकर दवा का छिड़काव किया। सुखविंदर सिंह ने कहा कि इंदिरा कालोनी के लोगों ने पानी की कमी के चलते ड्रमों में पानी इकट्ठा करके रख दिया था। इसमें डेंगू का लारवा पनपना शुरू हो गया था। लोगों को पानी जमा न करने की हिदायत दे दी गई है।