मंडल कपूरथला अध्यक्ष ने दिया पद से इस्तीफा
अशिष्ट भाषा से खटास की ओर से बढ़ती जिला भाजपा
मंडल कपूरथला अध्यक्ष ने दिया पद से इस्तीफा
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला। जिला कपूरथला भाजपा को और संगठित करने के लिए प्रदेश महामंत्री दयाल सिंह सोढी के प्रयासों पर पानी फिर रहा है। अभी करीब सवा माह पहले 14 जून को जिले की टीम को संगठित करके 2019 मिशन को फतेह करने के उद्देश्य से प्रदेश महामंत्री ने महज दो माह में जिले में पार्टी के अक्स को क्लेवर बदलने का दावा किया था, लेकिन सवा माह के भीतर भाजपा की टीम संगठित होने की बजाय बिखरने लगी है। जिला प्रधान की मनमर्जी के आगेे जहां टीम बेबस है, वहीं जिला प्रधान के सार्वजनिक तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल पार्टी वर्करों को दूर कर रहा है। ऐसा ही कुछ एक समारोह के दौरान जिला प्रधान शाम सुंदर अग्रवाल की ओर से मंडल अध्यक्ष कपूरथला संदीप बजाज को समारोह स्थल पर सार्वजनिक तौर पर अशिष्ट भाषा बोलने के बाद विवाद बढ़ गया और मंडल प्रधान ने इस्तीफा दे दिया। हालांकि इस्तीफा दिए एक माह हो गया, लेकिन इसे जिला स्तर पर दबाकर रखा गया, जोकि अब सार्वजनिक हो रहा है। यहीं नहीं, जिला भाजपा महामंत्री की ओर से भी कहीं न कहीं जिला प्रधान की मनमर्जी को लेकर नाराजगी है, लेकिन वह इस बारे में कुछ भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं हैं। संदीप बजाज ने लिखित तौर पर इस्तीफे की बात को कबूलते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी पद से इस्तीफा दिया है, लेकिन पार्टी के वफादार सिपाही हैं और रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिला प्रधान शाम सुंदर अग्रवाल को पद की गरिमा के अनुसार बात करनी चाहिए। सरेआम समारोह में किसी को अपशब्द बोलना गलत है। इसलिए उन्हें यह अनुचित लगा और उन्होंने एक माह पहले खुद ही पद से इस्तीफा दे दिया है। अब इस्तीफा मंजूर हुआ या नहीं, इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं हैं। उधर, जिला महामंत्री मनु धीर भी कहीं न कहीं जिला प्रधान शाम सुंदर अग्रवाल के मनमर्जी वाले स्वभाव से आहत हैं, लेकिन उन्होंने इस बारे में खुलकर कुछ नहीं बोला। बस, इतना ही कहा कि जिला प्रधान को मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। भाजपा अनुशासित पार्टी है और इसका पालन करना हमारा नैतिक दायित्व है। भाजपा सूत्रों के अनुसार पता चला है कि जिला कपूरथला में जिला प्रधान और जिला टीम अलग-अलग काम कर रही हैं। इनमें तालमेल की कमी साफ नजर आ रही है। यहां तक कि पूर्व जिला प्रधानों से भी जिला प्रधान मतभेद दूर नहीं कर सकें हैं। वीरवार की देर रात तक जिले के भाजपा नेताओं में अलग-अलग काम करने को लेकर वाट्सएप ग्रुप में मतभेद साफ नजर आए। सूत्र यह भी बताते हैं कि जिला प्रधान की अपशब्द की आदत बन चुकी हैं और वह पहले भी कई मंडल प्रधान और पार्टी पदाधिकारियों को सरेआम ऐसे शब्द बोल चुके हैं। जिला प्रधान शाम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि यह बात एक माह पुरानी हैं। कोई नई बात है तो इसके बारे में बात करें। प्रदेश महामंत्री दयाल सिंह सोढी ने कहा कि मंडल प्रधान के इस्तीफे के बारे में मीडिया से पता चल रहा है। उनके पास लिखित में कुछ नहीं आया है। उन्होंने जिला प्रधान की अशिष्टता पर कहा कि जिला प्रधान के खिलाफ को लिखित में शिकायत आती है तो उनके खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अगर टीम के खिलाफ कोई बात सामने आती है तो उन्हें चेतावनी दी जाएगी।