डीबीटी योजना लागू करने के लिए जिला प्रशासन ने कसी कमर
जालंधर। सब्सिडी वाली खादों के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) स्कीम 1 दिसंबर से लागू करने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिला प्रशासन ने खाद विक्रेताओं और सहकारी विभाग के अधिकारियों के लिए एक प्रशिक्षण प्रोग्राम आयोजित किया है। प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन करते अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर जसवीर सिंह ने कहा कि सब्सिडी वाली खादों का दुरुपयोग रोकने और किसानों को इसका फायदा देने के लिए यह डीबीटी स्कीम लागू की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस स्कीम में पीओएस मशीनों की ओर से किसानों की पहचान और उनकी ओर से खरीद की गई खाद के सभी आंकडे़ लिए जाएंगे। किसानों को खाद खरीदते समय केवल आधार कार्ड की जरूरत पडे़गी। खाद खरीदने के बाद किसान किसी भी प्रकार से अदायगी कर सकता है। जिला कृषि अधिकारी डॉ. बलविंदर सिंह छीना ने कहा कि इस योजना के साथ खादों के रेट में कोई भी बढ़ोतरी नहीं होगी। किसानों को खाद पहले की तरह सब्सिडी रेट पर ही मिलेगी।