कर्ज से परेशान किसान ने कीटनाशक पीकर जान दी
फरीदकोट। बैंक कर्ज से परेशान गांव फिड्डे कलां के एक युवक किसान ने कीटनाशक दवा पीकर जान दे दी। मृतक की पहचान सुरिंदर सिंह (32) के रूप में हुई। मामले में पुलिस ने मृतक किसान के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार किसान सुरिंदर सिंह के पास मात्र तीन एकड़ जमीन थी जिस पर खेती कर वह अपने घर का गुजारा बहुत ही मुश्किल से चला रहा था। बैंक से लिया कर्ज वापस न करने पर बैंक कर्मचारी कर्ज वापस करने का लगातार दबाव बना रहे थे, जिससे वो मानसिक तौर पर परेशान रहने लगा और इसी परेशानी के चलते उसने आत्महत्या कर ली। इस मौके पर भाकियू नेता जगजीत सिंह ने बताया कि किसान ने बैंक से तीन लाख रुपये का कर्ज लिया था, जो ब्याज लगकर करीब 6 लाख के आसपास पहुंच चुका था। बैंक ने एक चेक को लेकर भी सुरिंदर सिंह के खिलाफ अदालत में केस भी किया था, जो सुरिंदर जीत चुका था, लेकिन फिर भी बैंक उसे परेशान कर रहा थे।
फोटो 04एफआरडीपी02-मृतक किसान की फाइल फोटो