घर में लगी आग, सामान जला
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर।
शहर के गुजराल नगर में रहने वाले फुटवियर शोरूम के मालिक के घर में अचानक आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।
शोरूम के मालिक तरुण सुनेजा ने बताया कि जिस समय आग लगी उस समय घर पर उनकी पत्नी और बच्चा मौजूद थे और वह खुद शोरूम पर थे। उनकी पत्नी को घर की पिछली ओर पटाखा चलने जैसी आवाज सुनाई दी। जब वह पीछे की ओर गई तो देखा कि वहां आग लगी थी। घर में लगी आग के बारे में जैसे ही पता चला तो उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।