सुजानपुर में नगर काउंसिल की हद में आतीं अवैध कॉलोनियों को नियमित करने के लिए काउंसिल की ओर से सुजानपुर की आबादी जम्मू कलियारी में जागरूकता कैंप लगाया गया। कैंप में नगर काउंसिल कर्मचारियों ने लोगों को जागरूक किया और प्लॉट नियमित करवाने के लिए फार्म भरवाए।
इंस्पेक्टर दीपक गुप्ता और तिलकराज शर्मा ने बताया कि पंजाब सरकार की अधिसूचना अनुसार अवैध कॉलोनियों को नियमित करने के लिए कैंप लगाए जा रहे हैं।
सुजानपुर काउंसिल के तहत इस समय दस कॉलोनियां अवैध हैं। इन अवैध कॉलोनियों में मकान बनाने वाले लोग अपने प्लॉट को सात अक्तूबर तक नियमित करवाने संबंधी काउंसिल में आवेदन कर निर्धारित फीस जमा करवा सकते हैं।
उन्हाेंने बताया कि जो लोग अपने प्लॉट नियमित नहीं करवाएंगे, उनका मकान बनाने का नक्शा काउंसिल पास नहीं करेगी। उनका बिजली-पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब तक 65 फार्म भरे जा चुके हैं।
सुजानपुर के मोहल्ला प्रेमनगर में एक, सोली भोली में तीन, जम्मू कलियारी में दो, शिव कॉलोनी में एक, ग्रीन एवेन्यू में एक, अंबेदकर एवेन्यू में एक, रविदास भवन मोहल्ला शेखां में एक कॉलोनी अवैध है।
उन्होंने बताया कि इन कॉलोनियों में जिनके नक्शे पहले से पास हैं, उन्हें आवेदन करने की जरूरत नहीं है। इस मौके पर तिलक राज शर्मा, मनोज कुमार, अश्वनी सिंह, राजेंद्र कुमार, हरजिंदर सिंह, सोमराज, मुकेश कुमार, सुभाष और राकेश मौजूद रहे।