पंजाब में रिश्ते कलंकित होने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। यहां अबोहर जिले में देवर के प्यार में पागल हुई महिला ने पति की हत्या करवा दी। घटना रक्षाबंधन वाले दिन हुई।
थाना बहाववाला पुलिस ने जांच के बाद मृतक की पत्नी और देवर को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। इनसे हत्या में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
डीएसपी वीरचंद ने बताया कि 20 अगस्त को गांव रामपुरा नारायणपुरा के बीच खेतों में एक व्यक्ति का सिरकटा शव मिला था। इसकी पहचान गांव बहावाला निवासी गुरसाहिब सिंह पुत्र हरपाल सिंह के रूप में हुई थी।
डीएसपी के अनुसार मामले में जांच पड़ताल के दौरान मृतक की बहन अमनदीप कौर पत्नी पवन सिंह निवासी गांव ओढ़ां, जिला सिरसा ने पुलिस को बताया कि उसकी भाभी हरवीर कौर और उसके चचेरे भाई अरविन्द्र उर्फ बब्बू पुत्र जसपाल सिंह के बीच प्रेम संबंध हैं।
यह बात उसके मृतक भाई गुरसाहिब ने उसे बताई थी। इसी आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। इस पर हरबीर कौर और बब्बू को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार इन दोनों ने जुर्म कबूल करते हुए इस हत्याकांड में तीन अन्य लोगों के शामिल होने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस पूछताछ में बब्बू ने यह भी माना कि गुरसाहिब की हत्या कर शव खेतों में फेंक दिया और उसका मोटरसाइकिल नहर में फेंक दिया।
पुलिस ने बब्बू व उसकी भाभी हरवीर कौर को गिरफ्तार कर माननीय न्यायाधीश अमनदीप सिंह की अदालत में पेश किया। न्यायाधीश ने उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
इधर सूत्रों से पता चला है कि मामले में शामिल तीन अन्य लोग गांव कीकरखेड़ा, रामसरा व धर्मपुरा के निवासी हैं। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।