धनतेरस के दिन जलौखाना निवासी एक व्यक्ति ने संबंधों के शक में पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने भी ओवरहेड टैंक से लगभग 125 फुट की ऊंचाई से कूदकर जान दे दी। इससे पहले टंकी से फेसबुक पर लाइव होकर कई रसूखदार लोगों के नाम भी लिए। जिनसे वह परेशान था।
एसपी जांच सरबजीत सिंह बाहिया ने बताया कि शुक्रवार को शाम कपूरथला के जलौखाना निवासी 45 वर्षीय राजकुमार राजू ने अपनी पत्नी की संबंधों के शक में गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह शालामार बाग स्थित ओवरहेड टैंक पर चढ़ गया। उसके हाथ में शराब की बोतल थी। वहीं हत्या की सूचना के बाद डीएसपी सब-डिवीजन सुरिंदर सिंह व थाना सिटी के एसएचओ इंस्पेक्टर दीपक शर्मा राजू के घर पहुंचे। वहां उसकी पत्नी प्रिया (40) मरी पड़ी थी।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। उधर, राजू को टंकी से उतरवाने के लिए प्रशासन के अधिकारी और पुलिस बल शालामार बाग पहुंचा। लेकिन दो घंटे तक वह प्रशासन को टंकी से कूदने की धमकियां देता रहा। शाम को करीब साढ़े छह बजे उसने टंकी से छलांग लगा दी। हालांकि एहतियात के तौर पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट राजीव खोसला के नेतृत्व में नीचे जाल लगा रखा था, जिसकी हालत ठीक नहीं थी।
जाल से टकराकर वह जमीन पर मुंह के बल गिरा। उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत बता दिया गया। एसपी के अनुसार राजू ने टंकी पर फेसबुक पर लाइव होकर कुछ लोगों पर घर बर्बाद करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस वीडियो फुटेज की जांच कर रही है। राजू ने करीब 20 साल पहले प्रिया से लव मैरिज की थी। उसके 17 साल का बेटा और 16 साल की बेटी है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिए हैं।
जानकारी मिली है कि फेसबुक लाइव में राजू ने शहर के कुछ सत्ताधारी और रसूखदारों पर उसका घर बर्बाद करने के आरोप जड़े हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राजू के हाथ में पत्नी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल्स की कापी थी। पुलिस ने कॉल डिटेल की कापी को कब्जे में ले लिया है।