घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पीड़ित परिवारों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आसमानी आपदा के कारण हुए नुकसान का जायजा लेकर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए
कपूरथला के प्रीत नगर क्षेत्र में देर रात बारिश के दौरान आसमानी बिजली गिरने से कई घरों में लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक व इलेक्ट्रिकल सामान का नुकसान हो गया। वहीं, बिजली गिरने के कारण सात घरों के लाखों रुपये के नुकसान के साथ-साथ वॉर्ड नंबर-36 के पार्षद की घर की दीवारों में दरारें पड़ गईं और दीवारें तक फट गईं। पीड़ितों ने जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
विज्ञापन
प्रीत नगर निवासी पीड़ित अमृत और वॉर्ड नंबर-36 के कांग्रेसी पार्षद गुरपाल सिंह बिल्ला ने बताया कि देर रात करीब ढाई बजे अचानक तेज बिजली की गड़गड़ाहट हुई। धमाका इतना जोरदार था कि ऐसा लगा जैसे कोई बम गिरा हो। इसके बाद उनके घर की दीवारों में दरारें पड़ गईं और कई जगह दीवारें फट गईं।
पीड़ितों के अनुसार, आसमानी बिजली गिरने से आसपास के करीब सात घरों में इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिकल सामान जल गया। इनमें एसी, एलईडी टीवी, फ्रिज, टुल्लू पंप की मोटर सहित कई अन्य घरेलू उपकरण शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पीड़ित परिवारों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आसमानी आपदा के कारण हुए नुकसान का जायजा लेकर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत मिल सके।