नजदीकी गांव आलोअर्ख में सरकारी डिपो से गेहूं न मिलने से रोष में आए ग्रामीणों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस रोष प्रदर्शन में महिलाएं भी खासी संख्या में मौजूद थीं।
इस मौके पर ग्रामीणों शमशेर सिंह, रणजीत सिंह, मग्घर सिंह, कर्म सिंह, गुरजंट सिंह, सुरजीत कौर और कुलवंत कौर ने बताया कि गांव के सरकारी डिपो से बीपीएल और नीले कार्ड पर मिलने वाली सस्ती गेहूं पिछले छह महीनों में सिर्फ एक बार चुनाव के समय ही मिली थी।
इसके बाद गांव के किसी भी व्यक्ति को सस्ता अनाज नसीब नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि गरीब लोग डिपो से मिलने वाले सस्ते अनाज पर ही ज्यादा निर्भर हैं, लेकिन अनाज न मिलने की वजह से गरीब लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पंजाब सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि उन्हें जल्द से जल्द सस्ता अनाज मुहैया करवाया जाए ताकि उन्हें कुछ राहत मिल सके।
इस बारे में डिपो होल्डर अवतार सिंह ने कहा कि विभाग द्वारा गेहूं न मिलने के कारण यह दिक्कत आ रही है। जब विभाग उनके पास गेहूं भेजेगा तो उसी समय लोगों को बांट दिया जाएगा। वहीं भवानीगढ़ के फूड सप्लाई इंस्पेक्टर माणकप्रीत सिंह ने कहा कि पीछे से ही गेहूं की सप्लाई नहीं आ रही, जिस कारण लोगों को समस्या आ रही है, जो पूरे पंजाब में है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले दस दिन के भीतर गेहूं आ जाएगा और लोगों को उनका बनता पिछला कोटा भी बांटा जाएगा।