अक्तूबर मे महीने में चंडीगढ़ की झोली में चार नई ट्रेनें आ रही हैं। बुधवार को अमृतसर-लालकुआं एसी एक्सप्रेस के शुरू होने के बाद हुजूर साहिब नांदेड़ और शिरडी के लिए ट्रेनें चलेंगी।
22 अक्तूबर से यशवंतपुर (बंगलुरू) के लिए भी ट्रेन शुरू होगी।
हजरत निजामुद्दीन-यशवंतपुर एक्सप्रेस (12629/12630) का सप्ताह में दो दिन तक चंडीगढ़ तक विस्तार किया जा रहा है, जो 22 अक्तूबर से लागू होगा।
यह ट्रेन चंडीगढ़ से यशवंतपुर (बंगलुरू) के लिए हर मंगलवार और शनिवार को सुबह 3:15 प्रस्थान करेगी और अगले दिन शाम 7.10 पर यशवंतपुर पहुंचेगी।
इन नई ट्रेनों के शुरू होने से चंडीगढ़ इस महीने कई ऐसे शहरों के साथ रेल से जुड़ जाएगा जहां तक के लिए अभी तक चंडीगढ़ से कोई सीधी ट्रेन नहीं थीं।
साथ ही नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन के लिए भी लोगों को तीन नई ट्रेनें मिल जाएंगी।
रेल बजट में पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल ने चंडीगढ़ से जुड़ी जिन ट्रेनों की घोषणा की थी, उनमें से गोवा के लिए ट्रेन अगस्त में शुरू हो गई थी। चार ट्रेनें इस माह शुरू होंगी।
अगले महीने चंडीगढ़-पाटलीपुत्र एक्सप्रेस के भी चलने की उम्मीद है। इसके बाद चंडीगढ़ से संबंधित सिर्फ कालका-कटरा एक्सप्रेस और चंडीगढ़-अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेनें ही बच जाएंगी, जिनकी घोषणा रेल बजट में की गई थी।
कल नांदेड के लिए रवाना होगी ट्रेन
नंगलडैम-हजूर साहिब साप्ताहिक ट्रेन वीरवार से शुरू हो रही है, जो कि चंडीगढ़ होकर जाएगी। पवन बंसल इस ट्रेन को चंडीगढ़ स्टेशन पर शाम 7.08 पर झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इस ट्रेन में 10 अक्तूबर के लिए सीटें फुल हो गई हैं, लेकिन पहले दिन (तीन अक्तूबर) के लिए अभी कुछ सीटें बची हैं। यह ट्रेन हर वीरवार को नंगल डैम से शाम 4.20 पर चलेगी और शाम सात बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। चंडीगढ़ से शाम 7.08 बजे प्रस्थान करेगी। अगले दिन रात 11.45 पर यह ट्रेन नांदेड पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन नांदेड से हर शनिवार सुबह 11 बजे चलेगी और अगले दिन शाम 5.55 पर चंडीगढ़ पहुंचेगी। शाम छह बजे चंडीगढ़ से प्रस्थान करेगी और रात 8.25 बजे नंगल डैम पहुंचेगी।
शिरड़ी के लिए ट्रेन छह से
कालका से साईं नगर शिरड़ी के बीच सुपरफास्ट ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी। यह ट्रेन छह अक्तूबर से चलेगी और इस दिन शाम 7.40 बजे बंसल इस ट्रेन को भी चंडीगढ़ स्टेशन पर झंडा दिखाकर रवाना करेंगे।
इस ट्रेन की बुकिंग शुरू होने के दो दिन बार ही सेकेंड एसी और थर्ड एसी में पहले दिन के लिए सीटें फुल हो गईं और प्रतीक्षा सूची भी लगातार लंबी हो रही है।
कालका से यह ट्रेन हर वीरवार और रविवार को शाम सात बजे प्रस्थान करेगी और 7.30 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी शाम 7.40 पर प्रस्थान करेगी। अगले दिन रात 10.15 बजे शिरडी पहुंच जाएगी।
वापसी में यह ट्रेन शिरडी से हर शनिवार और मंगलवार को सुबह 9.25 पर चलेगी और अगले दिन सुबह 11.45 पर चंडीगढ़ पहुंचेगी। चंडीगढ़ से 11.55 पर प्रस्थान करेगी और दोपहर 12.30 बजे कालका पहुंचेगी।