मॉडर्न जेल कपूरथला में हवालातियों के दो गुटों में गैंगवार हो गई। देर रात किसी पुरानी रंजिश को लेकर दोनों गुटों में हुई झड़प ने खूनी रूप ले लिया। इस गैंगवार में दोनों गुटों के चार हवालाती जख्मी हुए हैं। इनमें से हवालाती को नाजुक हालत के चलते मेडिकल कालेज अमृतसर रेफर कर दिया गया है। जबकि दै हवालातियों को उपचार के बाद दोबारा जेल भेज दिया गया है। जबकि एक हवालाती सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है। थाना सिटी-2 और पीसीआर टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की देर रात करीब आठ बजे माडर्न जेल में हवालातियों के दो गुटों में गैंगवार हो गई। दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर नुकीले सुओं से वार किए। जिसमें दोनों गुटों के सिमरनजीत सिंह, विशाल, 34 वर्षीय सुनील और 35 वर्षीय मुकेश जख्मी हो गए। इन चारों हवालातियों को जख्मी हालत में जेल पुलिस सिविल अस्पताल लेकर पहुंची।
जहां पर मुकेश की हालत नाजुक देखकर डाक्टरों ने उसे मेडिकल कालेज अमृतसर रेफर कर दिया। वहीं सिमरनजीत सिंह और विशाल को प्राथमिक उपचार के बाद वापस माडर्न जेल कपूरथला भेज दिया गया है।
गैंगवार की सूचना मिलते ही थाना सिटी-2 के एसएचओ मनजीत सिंह, पीसीआर टीमें सिविल अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। एसएचओ मनजीत सिंह मीडिया को कोई भी जानकारी देने से बचते रहे। हालांकि पुलिस की मानें तो दोनों गुट पुरानी रंजिश को लेकर भिड़े हैं। दोनों गुट किस गैंग से जुड़े ह़ै, इनके बारे में बताने से भी पुलिस बच रही थी। हवालाती विशाल हत्या के मामले में जेल में बंद है।