थाना बाघापुराना पुलिस ने 12 से अधिक किसानों से 3 करोड़ की ठगी मारने के आरोप में आढ़ती और उसके बेटे के खिलाफ केस दर्ज किया है।
आरोपी
पिता-पुत्र परिवार समेत घर से फरार है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए
छापामारी कर रही है। जिला पुलिस प्रमुख मुखविंदर सिंह भुल्लर ने इस मामले
की जांच जिला पुलिस की आर्थिक अपराध को सौंप दी है। जिला पुलिस की आर्थिक
अपराध शाखा के इंचार्ज इंस्पेक्टर सतपाल सिंह ने बताया कि सुखदेव सिंह,
नछत्तर सिंह, काला सिंह, ठाकर सिंह, गुरतेज सिंह ने जिला पुलिस प्रमुख को
शिकायत की थी कि वे अपनी फसल बाघापुराना मंडी में सतपाल बांसल एंड संस
आढ़ती के पास बेचते थे।
आढ़ती उनके 3 करोड़ रुपये हड़प कर परिवार
समेत फरार हो गया है। जिला पुलिस प्रमुख ने इस मामले की प्राथमिक जांच एसपी
(आई) को सौंपी थी। प्राथमिक जांच में एक दर्जन से अधिक किसानों से 3 करोड़
रुपये की ठगी का आरोप साबित होने के बाद आरोपी आढ़ती सतपाल बांसल एंड संस
बाघापुराना के मालिक सतपाल बांसल और उसके बेटे जगदीप निवासी घोलिया खुर्द
हाल नेहरू मंडी बाघापुराना के खिलाफ केस दर्ज किया है।
उन्होंने
बताया कि आरोपी आढ़ती के आसपास के घरों से पूछताछ करने से पता लगा कि आरोपी
एक माह पहले अपने पड़ोस में किसी धार्मिक यात्रा पर जाने का बहाना बना कर
यहां से चले गए हैं। उन्हाेंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए
टीमें बनाई गई हैं।