फिरोजपुर। ताईवान की राजधानी ताईपे में आयोजित हुई 17वीं मास्टर एथलेटिक चैंपियनशिप में विभिन्न खेलों में दो कांस्य पदक जीतकर फिरोजपुर लौटे मास्टर एथलीट मोहन सिंह भुल्लर को डीसी डा. एसके राजू ने सम्मानित किया। डीसी डा. राजू ने बताया कि पूरे देश के लोगों के लिए बड़े मान की बात है कि भुल्लर ने चैंपियनशिप में शॉटपुट और डिस्क थ्रो में कांस्य पदक जीता है। भुल्लर को डीसी ने बधाई दी और कहा कि आर्थिक मदद के लिए वे पंजाब सरकार को पत्र लिखेंगे। वेटनर एथलीट मोहन सिंह भुल्लर ने बताया कि ताईपे में हुई 17वीं एशियन मास्टर चैंपियनशिप में 17 देशों के पंद्रह सौ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इस मौके पर विजय बहल भी उपस्थित थे।