कपूरथला के सिटी थाना-2 में तैनात एक एएसआई ने विभाग से मिले असलाह को गुम कर दिया। इसके चलते एएसआई पर सिटी थाना-1 में धारा 409 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में जांच की जा रही है। आरोपी की अभी तक गिरफ्तारी भी नहीं हुई है।
सिटी थाना-1 में दर्ज एफआईआर के अनुसार एएसआई जसविंदर सिंह सिटी थाना-2 (अर्बन एस्टेट) में तैनात है। उसे पुलिस विभाग की शाखा असलाह खाना की तरफ से एक 9 एमएम पिस्टल न. 18595884 मॉडल 2013 सहित 30 कारतूस मिले हुए थे। 24 सितंबर 2023 को उसने 20 कारतूस असलाह खाना में जमा करवा दिए थे। सरकारी अमानत पिस्टल और 10 कारतूस गुम हो गए हैं। आरोपी एएसआई जसविंदर सिंह ने सरकारी कर्मचारी होने के बावजूद सरकारी अमानत की सही संभाल नहीं की। सरकारी असलाह गुम होने के चलते विभाग की तरफ से एएसआई पर अमानत में ख्यानत की धारा 409 के तहत सिटी थाना-1 में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच एएसआई कमलजीत सिंह कर रहे हैं।