पंजाब के फगवाड़ा शहर के स्वामी परम नगर में उस समय सनसनी का माहौल पैदा हो गया, जब शुक्रवार की दोपहर को एक दंपति को जबरन कुछ लोग अपहरण करके ले गए। अपहरण की सूचना दंपती के निजी बाउंसरों ने थाना सिटी फगवाड़ा को दी। एसएचओ अमनदीप नाहर तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल शुरू की। थाना सिटी की पुलिस ने केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
थाना सिटी के एसएचओ एसआई अमनदीप नाहर व जांच अधिकारी एएसआई सुखविंदर कुमार ने बताया कि उन्हें विवेक कुमार पुत्र बलवीर सिंह व बंटी कुमार दोनों निवासी दशमेश नगर जालंधर ने सूचना दी थी कि वह दोनों और उसके साथ अक्षय कुमार उर्फ आशू निवासी जालंधर कैंट, हैप्पी निवासी शेखुपुर जिला कपूरथला तथा ओमप्रकाश निवासी बडियाना जिला जालंधर 16 जून 2023 से बाउंसर के तौर पर फगवाड़ा के स्वामी परम नगर निवासी सोनू और उसकी पत्नी ज्योति को सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं।
शुक्रवार को वह और उसका साथी बंटी कुमार घर पर सोनू तथा उसके पत्नी ज्योति के साथ ही मौजूद थे कि तभी करीब 12:30 बजे दोपहर को सोनू से कुछ व्यक्ति मिलने के लिए आए, जिनमें से एक का नाम शमशेर सिंह निवासी बटाला, दूसरे का नाम तनवीर कुमार उर्फ तनु निवासी गुरदासपुर, एक बुजुर्ग व्यक्ति, एक बुजुर्ग महिला और 6 अज्ञात व्यक्ति थे। इस पर सोनू ने उसे और उसके साथी बंटी कुमार को कुछ खाने पीने का सामान लेने के लिए भेज दिया तथा कहा कि जब वह फोन करेगा, तब ही वापस घर पर आएं।
वह फगवाड़ा के झटकईयां चौक पर मौजूद थे, तभी सोनू का फोन आया और उसके कहने पर वह नीटा चिकन कॉर्नर पर जाकर सामान लेने लगे। सामान लेने के बाद सोनू के फोन का इंतजार करने लगे। करीब शाम को 3:00 जब उन्होंने सोनू को फोन किया तो उसने कॉल काट दी।
3:05 बजे जब दोबारा फोन किया तो फोन बंद आने लगा। इस पर उन्हें कुछ संदेह हो गया और वह तुरंत वापस सोनू के घर पहुंचे और घर का दरवाजा खटखटाया, पर किसी ने जवाब नहीं दिया। जब दरवाजा खोलकर अंदर गए तो देखा कि सीढ़ियों में खून गिरा हुआ था तथा सोनू व उसकी पत्नी ज्योति घर में नहीं थे और घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। इस पर उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
एएसआई सुखविंदर कुमार के अनुसार सोनू खुद को डॉक्टर बताता था और करीब चार माह पहले ही वह श्री हरगोबिंदरपुर से यहां पर किराये पर रहने के लिए आया था। उन्हें अंदेशा है कि यह मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। एसएचओ अमनदीप नाहर ने कहा कि घर में लगे सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं। अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।