नौजवानों के लिए नासूर बनता जा रहा नशा अब पंजाब की जवानी को ही निगलने लगा है। लुधियाना के पॉश इलाकों में गिने जाने वाले रिशी नगर वाई ब्लॉक इलाके में रहने वाले कमलजीत सिंह (27) की नशे की ओवरोज से मौत हो गई। नशा करने के बाद वह घर पहुंचा था। परिवार वालों ने उसे समझाया और उसके कहने पर अस्पताल ले गए। जहां हालत ज्यादा खराब हो गई तो उसे सिविल अस्पताल रेफर कर दिया।
जहां युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद थाना पीएयू की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कमलजीत के जीजा नरिंदरपाल सिंह ने बताया कि वह एक दुकान पर काम करता था और गलत संगत में पड़ गया था। उसी संगत की वजह से वह नशे के दल-दल में फंस चुका था। जहां से निकालने के लिए काफी कोशिश हो रही थी, लेकिन वह निकल नहीं पा रहा था।
नरिंदर पाल सिंह ने बताया कि सोमवार की रात को भी कमलजीत नशा कर घर पहुंचा थ। उसकी हालत पहले ही खराब चल रही थी। घर आकर परिवार वालों ने समझाया तो कहने लगा कि वह नशा नहीं करेगा। उसने पानी पिया और कोल्ड ड्रील की बोतल मांगकर पी। युवक हालत जब ठीक ना हुई तो परिवार वाले उसे अस्पताल ले गए। पहले युवक को निजी अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान कमलजीत की मौत हो गई। पुलिस अब जांच करने में जुटी है कि कमलजीत नशा किस व्यक्ति से लाता था। फिलहाल पुलिस मृतक के फोन को खंगाल रही है कि आखिर वह नशा किन लोगों से लेता था।