पठानकोट में सीएम मान और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता
- फोटो : संवाद
पंजाब सरकार द्वारा ''मावां-धीयां सत्कार योजना'' के तहत प्रदेश की करीब 40 लाख महिलाओं के बैंक खातों में वित्तीय सहायता की राशि जमा करवाने का निर्देश दे दिया है। 24 घंटे में यह राशि महिलाओं के खाते में आए जाएगी। पठानकोट के ब्लॉक धारकलां स्थित व्हाइट हाउस अस्पताल के मैदान में करवाए गए राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इस योजना की औपचारिक शुरुआत की।
जानकारी के मुताबिक कुछ महिलाओं के बैंक खातों में तो यह सम्मान राशि पहुंच भी गई है। 18 वर्ष से अधिक आयु वाली एससी महिलाओं को 4500 रुपये और सामान्य वर्ग की महिलाओं को तीन हजार रुपये तीन माह के मिलेंगे। सूत्रों की माने तो कार्यक्रम में ज्यादातर आंगनवाड़ी वर्कर्स व हेल्पर मौजूद रहीं क्योंकि उन्हें एक दिन पहले ही आज के कार्यक्रम में शामिल होने के निर्देश हो चुके थे जिस वजह से वे सेंटर बंद करके आज सीएम के प्रोग्राम में बसों के जरिए पहुंची।
महिला सशक्तिकरण के लिए यह ऐतिहासिक कदम: सीएम भगवंत मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सरकार ने लोगों से किए हर वादे को एक-एक करके पूरा किया है और महिला सशक्तिकरण के लिए यह ऐतिहासिक कदम है। यह राशि भले ही किसी को अमीर नहीं बनाती, लेकिन हर महिला को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण प्रयास है। यह महिलाओं का अपना हक है, जिससे वे अपनी घरेलू जरूरतें, बच्चों की शिक्षा, पारिवारिक जिम्मेदारियां और सामाजिक रस्मों को बिना किसी पर निर्भर हुए पूरा कर सकेंगी। वहीं, 1 सितंबर को दोबारा महिलाओं को सम्मान राशि मिलेगी।
सीएम भगवंत मान ने कहा आम आदमी पार्टी की पहचान ही अपने वादे निभाने की है। पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और उनके द्वारा पंजाब के लोगों से किए वादे हों या उनके द्वारा मुख्यमंत्री के रूप में किए गए एलान, सरकार ने उन्हें एक-एक करके पूरा किया है। आम आदमी पार्टी वही वादा करती है, जिसे पूरा करने का दम रखती है और जो वादा कर देती है, उसे हर हालत में निभाती है।