बठिंडा केंद्रीय जेल में बंद अपने पति से मुलाकात करने पहुंची एक महिला से जेल प्रशासन ने चेकिंग के दौरान 51 ग्राम सफेद पाउडर, 40 कैप्सूल और तंबाकू बरामद किया। बरामदगी के बाद थाना कैंट पुलिस ने जेल के सहायक अधीक्षक कर्मजीत सिंह के बयान पर जेल में बंद बलजीत सिंह और उसकी पत्नी जसवीर कौर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया है। जेल में बंद बलजीत को पुलिस अब प्रोडंक्शन वारंट पर लाएगी।
थाना कैंट पुलिस को दर्ज करवाए बयान में जेल के सहायक अधीक्षक कर्मजीत सिंह ने बताया कि बलजीत सिंह निवासी गांव चंदभान जिला फरीदकोट जेल में बंद है। बयान में बताया गया कि बलजीत की पत्नी जसवीर कौर अपने पति से मुलाकात करने के लिए जेल परिसर में पहुंची थी। वहां पर जब जेल सुरक्षा कर्मियों ने उक्त महिला की चैकिंग की तो उससे 12 पाइप मिली, जिनमें से तीन पाइपों में 40 कैप्सूल, तीन पाइपों से 51 ग्राम सफेद पाउडर और बाकी छह पाइपों से 93 ग्राम तंबाकू बरामद किया गया। जेल अधिकारी ने अपने बयान में बताया कि उक्त पूरा सामान जेल में बंद बलजीत सिंह द्वारा अपनी पत्नी से मंगवाया गया था।
थाना कैंट के एसएचओ दलजीत सिंह का कहना था कि पुलिस ने जेल अधिकारी के बयान पर महिला जसवीर कौर और जेल में बंद उसके पति बलजीत सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करके महिला को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि जेल में बंद बलजीत सिंह को पुलिस द्वारा प्रोडक्शन वारंट पर लाकर अगली कार्रवाई की जाएगी।