संदीप की सगाई से नाराज था प्रिंस
बताया जा रहा है कि लॉ छात्र प्रिंस राज सिंह अपनी क्लासमेट संदीप कौर की सगाई से नाराज था। वह लंबे समय से उसे एकतरफा प्रेम के लिए परेशान कर रहा था। रविवार को उसने फोन पर संदीप को प्रपोज किया था, लेकिन संदीप ने साफ इनकार कर दिया और इसकी जानकारी अपने परिवार को भी दे दी।
क्लासरूम में दोबारा प्रपोज, फिर खौफनाक कदम
सोमवार को कॉलेज खुलते ही प्रिंस राज सिंह बैग में पिस्टल लेकर क्लासरूम पहुंचा। उस वक्त संदीप अपनी सहेली के साथ बेंच पर बैठी थी। प्रिंस ने एक बार फिर सबके सामने उसे प्रपोज किया। संदीप ने दोबारा मना किया तो वह बौखला गया। गुस्से में उसने बैग से पिस्टल निकाली और संदीप के सिर पर गोली मार दी। घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। संदीप के गिरते ही प्रिंस ने खुद की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली चला दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जज बनने का सपना देख रही थी संदीप
नौशहरा पन्नूआं निवासी हीरा सिंह की बेटी संदीप कौर लॉ की पढ़ाई कर रही थी और आगे चलकर जज बनना चाहती थी। उसकी मां हरजिंदर कौर ने बताया कि परिवार ने बड़ी मेहनत से उसका दाखिला करवाया था। संदीप सात बहनों में से एक थी। पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिजनों के मुताबिक, प्रिंस राज सिंह कई दिनों से संदीप को परेशान कर रहा था और घर तक आकर प्रेम प्रस्ताव दे चुका था, जिसे संदीप ने हर बार ठुकराया।
सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
घटना के बाद कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का आरोप है कि आरोपी छात्र पिस्टल लेकर क्लासरूम तक कैसे पहुंच गया? वहीं, घटना के बाद करीब 15 मिनट तक गेट बंद रखे जाने का भी आरोप है। सूचना मिलते ही डीएसपी जगबीर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही क्लासरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।