मौसम केंद्र के अनुसार बारिश के बाद शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस गिरकर 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हवा में नमी का स्तर 92 फीसदी तक पहुंचने से उमस बनी रही।
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक सुरिंदर पाल ने बताया कि अगले पांच दिनों तक शहर में बादलों का डेरा रहेगा और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। विभाग ने 29 जुलाई के लिए गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इसके बाद 30 जुलाई से 1 अगस्त तक मानसून और अधिक सक्रिय होगा।
इन दिनों कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है और तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है। लगातार बारिश के चलते शहर में मौसम सुहाना रहने की उम्मीद है लेकिन बीच-बीच में उमस लोगों की परीक्षा ले सकती है।