सीएम आवास के बाहर तैनात पुलिस
- फोटो : संवाद
सीएम भगवंत मान के निवास की ओर निकले प्रदर्शनकारी
वहीं, कुछ प्रदर्शनकारी पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकारी आवास की ओर निकल चुके हैं। चंडीगढ़ सेक्टर-45 की गऊशाला में प्रदर्शनकारियों ने बेरिकेड तोड़ दिए हैं। सांसद सरबजीत सिंह खालसा की पत्नी पंजाब मुख्यमंत्री निवास के पास पहुंची जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पंजाब सीएम आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। वारिस पंजाब दे के नेता अमृतपाल सिंह और अन्य बंदी सिखों की रिहाई की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने बुधवार के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के अनुसार सुबह से मोहाली बॉर्डर (बुड़ैल जेल के पीछे) से सेक्टर-50/51 चौक और वहां से सेक्टर-44/45 लाइट प्वाइंट तक सरोवर पथ पर वाहनों की आवाजाही आंशिक रूप से डायवर्ट और प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा सेक्टर-43/44/51/52 चौक (आईएसबीटी चौक) से सेक्टर-44/45 चौक (गौशाला चौक) होते हुए सेक्टर-45/46-49/50 चौक तक विकास मार्ग पर भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। सेक्टर-43/44 और सेक्टर-45/46 लाइट प्वाइंट पर भी यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।
चंडीगढ़ यातायात पुलिस ने अंतरराज्यीय बसों को सेक्टर-43 आईएसबीटी पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें और ट्रैफिक अपडेट के लिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखें। पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह से शांति न भंग करने की अपील की है।