मनप्रीत सिंह खालसा ने बताया कि उन्होंने टैटू आर्टिस्ट रणबीर सिंह से बात की, लेकिन बात नहीं बनी तो उन्होंने एसएसपी बठिंडा को लिखित शिकायत भी दी। उनका कहना है कि शिकायत के बाद टैटू आर्टिस्ट के परिवार ने भरोसा दिलाया कि आगे से ऐसा नहीं होगा और आर्टिस्ट ने भी माफी मांगी है।
पंजाब में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे टैटू स्टूडियो के वीडियो को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। बठिंडा के एक टैटू स्टूडियो द्वारा साझा किए गए कुछ वीडियो पर आपत्ति जताई जा रही है। इन वीडियो में महिलाओं के निजी अंगों पर टैटू बनाते दिखाए गए हैं, जिसके बाद मामला गरमा गया है।
विज्ञापन
निहंग मनप्रीत सिंह खालसा ने इन वीडियो पर कड़ी नाराजगी जताते हुए टैटू आर्टिस्ट को सोशल मीडिया पर इस तरह का अश्लील कंटेंट पोस्ट न करने की चेतावनी दी है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि इस तरह की सामग्री का बच्चों और युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
खालसा ने कहा कि यदि कोई टैटू बनवाना चाहता है तो वह शरीर के ऐसे हिस्से पर बनवाए, जहां कपड़े उतारने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस तरह के टैटू भविष्य में वैवाहिक जीवन में विवाद का कारण बन सकते हैं और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी पैदा कर सकते हैं।
विज्ञापन
एसएसपी को दी शिकायत, आंदोलन की चेतावनी
मनप्रीत सिंह खालसा ने बताया कि उन्होंने टैटू आर्टिस्ट रणबीर सिंह से बात की, लेकिन बात नहीं बनी तो उन्होंने एसएसपी बठिंडा को लिखित शिकायत भी दी। उनका कहना है कि शिकायत के बाद टैटू आर्टिस्ट के परिवार ने भरोसा दिलाया कि आगे से ऐसा नहीं होगा और आर्टिस्ट ने भी माफी मांगी है। खालसा ने चेतावनी दी कि यदि विवादित सामग्री नहीं हटाई गई तो दोबारा विरोध किया जाएगा और बठिंडा के अलावा चंडीगढ़ तथा अन्य शहरों में भी ऐसे मामलों को उठाया जाएगा।
टैटू आर्टिस्ट ने रखा अपना पक्ष
दूसरी ओर, टैटू आर्टिस्ट रणबीर सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पेज से विवादित वीडियो नहीं हटाए हैं। उनका कहना है कि वे पिछले छह वर्षों से वैध लाइसेंस के साथ पेशेवर तरीके से काम कर रहे हैं। उनके अनुसार सभी टैटू ग्राहकों की इच्छा और सहमति से बनाए जाते हैं तथा वीडियो भी संबंधित व्यक्ति की अनुमति के बाद ही रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किए जाते हैं, ताकि उनके काम के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जानकारी मिल सके। फिलहाल इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज है और दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर कायम हैं।