गांव मंसूर देवा वाला कलां में मंगलवार को जमीनी विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपने भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
विज्ञापन
साल 2007 में की थी साले की हत्या
मृतक के ताया जसवंत सिंह ने बताया कि उसके छोटे भाई जसविंदर सिंह का अपने छोटे भाई के साथ कुछ मरले जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते जसविंदर सिंह ने अपने भतीजे गुरविंदर सिंह (25) की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि जसविंदर आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और वर्ष 2007 में उसने अपने साले की भी गोली मारकर हत्या की थी।
पुलिस कर रही जांच
जसवंत ने बताया कि कई बार पुलिस को शिकायत देने के बाद जसविंदर की रिवॉल्वर जमा करवाई गई थी, लेकिन बाद में वह किसी तरह उसे वापस ले आया। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी जसपाल सिंह और थाना प्रभारी गुरप्रीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उधर, थाना प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि मृतक की मां के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। आरोपी जसविंदर सिंह को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही हैं।