पंजाब सरकार की सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) के दो साल पूरे हुए हैं। आप पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा कि यह फोर्स मुख्यमंत्री भगवंत मान की सबसे प्रभावशाली और जनहितैषी के रूप में उभरी है, जो पंजाब के हाईवे पर असली नतीजे दे रही है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सड़क सुरक्षा फोर्स को दो साल पूरे हो गए हैं और फोर्स के कारण सड़क हादसों में होने वाली मौतों में लगभग 50 फीसदी की कमी आई है। मान ने सोमवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर कहा कि यह फोर्स मात्र 5 से 7 मिनट के अंदर हादसे वाली जगह पर पहुंचने के साथ घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि इस पहल को अपनाने के लिए दूसरे राज्य भी हमसे संपर्क कर रहे हैं।
विज्ञापन
वहीं आम आदमी पार्टी पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने कहा कि साल 2023 में पंजाब के हाईवे पर एक्सीडेंट में 1,955 मौतें हुई थीं। साल 2024 में यह आंकड़ा तेजी से घटकर 1,016 हो गया है जिसका मतलब है कि एसएसएफ के तेज और प्रोफेशनल रिस्पॉन्स की वजह से सिर्फ एक साल में 940 कीमती जानें बचाई गई हैं।
पन्नू ने कहा कि एसएसएफ के तहत लगभग 1500 विशेष तौर पर प्रशिक्षित जवान फुल-टाइम तैनात किए गए हैं और उन्हें वीआईपी या किसी दूसरी ड्यूटी पर नहीं भेजा जाता है। हाइवे पर हर 30 किलोमीटर की दूरी पर पूरी तरह से लैस एसएसएफ गाड़ियां तैनात हैं जो तेजी से कार्रवाई करती है।
विज्ञापन
पन्नू ने कहा कि ये गाड़ियां फर्स्ट-एड की सुविधाओं, बचाव उपकरण और कटरों से लैस हैं। जवानों को पीड़ितों को सुरक्षित निकालने और अस्पताल भेजने से पहले तुरंत मेडिकल मदद देने की प्रशिक्षित किया गया है। एसएसएफ की मौजूदगी से हादसे के बाद होने वाली लूटपाट भी लगभग खत्म हो गई है और हाइवे पर होने वाले दूसरे अपराधों में खासकर रात के समय में भी भारी कमी आई है।