जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर भोगपुर के दाना मंडी के पास देर रात हुए सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के रहने वाले दो लोगों की मौत हो गई। दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली से माता वैष्णो देवी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। हादसे में उनका एक अन्य साथी भी घायल हुआ है।
माता वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे थे
दोनों मृतकों के शव जालंधर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। मृतकों की पहचान बृज मोहन पुत्र राम कला शर्मा, निवासी पुआरका, कोतवाली देहात, सहारनपुर और महिपाल पुत्र नकली (53) निवासी सदारपुरा, थाना गंगू, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। भोगपुर थाने के जांच अधिकारी तलविंदर के अनुसार, दोनों माता वैष्णो देवी में माथा टेकने गए थे।
देर रात करीब 1 बजे कंट्रोल रूम से हाईवे पर सड़क हादसे की सूचना मिली। पुलिस टीम ने सड़क सुरक्षा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। हालांकि अभी तक परिजन जालंधर नहीं पहुंचे हैं।