जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर गोराया के पास गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा पेश आया। यहां सड़क किनारे खड़े ट्रक से मजदूरों से भरे ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल फिल्लौर में भर्ती करवाया गया है।
हादसे के बाद मचा हड़कंप
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क सुरक्षा फोर्स के प्रभारी जसविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें एक राहगीर से सूचना मिली थी कि गोराया के पास नेशनल हाईवे पर ऑटो और खड़े ट्रक के बीच टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
दो मजदूर घायल
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ऑटो में करीब 10 से 12 मजदूर सवार थे, जो लुधियाना से जालंधर एक पैलेस में काम करने जा रहे थे। हादसे में कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सिविल अस्पताल में तैनात डॉक्टर तानिया ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ घायल हुए हैं। घायलों की पहचान संतोष, सरबजीत, शिशुपाल, अंकित, मनजीत, राहुल, हरदीप, हिमांशु और रणदीप के रूप में हुई है।
मृतकों के शवों को सिविल अस्पताल फिल्लौर के शवगृह में रखवा दिया गया है। रामवीर ने बताया कि करीब 12 लोग ऑटो में सवार होकर लुधियाना से जालंधर जा रहे थे। सभी मजदूर एक पैलेस में क्रॉकरी का काम करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान ऑटो की खड़े ट्रक से टक्कर हो गई। रामवीर के मुताबिक, वह तीन अन्य लोगों के साथ ऑटो के पीछे-पीछे आ रहे थे। फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों को लेकर अधिक जानकारी सामने आने का इंतजार है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।