जालंधर में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसा पुलिस लाइन के पास स्थित फ्लाईओवर पर हुआ, जहां बर्थडे पार्टी से घर लौट रहे युवकों की फॉक्सवैगन कार नगर निगम की खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार दो युवकों की जान चली गई।
पंजाबी म्यूजिक कंपनी मालिक के बेटे की मौत
मृतकों की पहचान मशहूर पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड के मालिक दिनेश के बेटे विदित ओलक और पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे आरव तलवाड़ के रूप में हुई है। विदित ओलक की मौत को लेकर पंजाबी रेपर व गायक हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा
"आज सड़क हादसे में मेरे भतीजे की मौत हो गई। भगवान भोले नाथ महर करें" जानकारी के मुताबिक हनी सिंह म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड के साथ काम कर चुके हैं। इसी वजह से वह विदित ओलक को अपना भतीजा मानते थे। हादसे की सूचना मिलते ही थाना बारादरी की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की।