पंजाब के गुरदासपुर में कादियां नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर गुरुवार को आप और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भीड़ गए। किसी मामले को लेकर शुरू हुई बहस हाथापाई में बदल गई। इस दौरान जमकर लात-घूंसे और गाली-गलौज हुई। मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेकर मामला शांत करवाया। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की है।
कांग्रेस नेता बाजवा ने आप पर बोला हमला
बाजवा ने कहा पुलिस ने हमारे तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उनमें से दो को पुलिस स्टेशन ले जाया गया है, जबकि एक व्यक्ति लापता है। यह विवाद सैलाबपुर गांव का है। उन्होंने पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए आप पर हमला बोला उन्होंने कहा ये प्रोफेशनल गुंडे हैं। पूरे पंजाब में सब कुछ गैंग्स के इशारे पर चल रहा है।
बाजवा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने इन आपराधिक तत्वों की मदद की और उनके साथ मिलीभगत की।