हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की चलती बस में अचानक आग लग गई। जिस समय यह घटना हुई उस वक्त बस सवारियों से खचाखच भरी हुई थी। एचआरटीसी की यह बस दिल्ली जा रही थी। जैसे ही बस से धुआं निकलने लगा तो बस में सवार यात्रियों ने शोर मचाया। गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से टल गया। क्योंकि सभी यात्रियों को तुरंत सुरक्षित बस से बाहर उतार दिया गया। हादसा सोमवार रात पंजाब के नंगल डैम के पास हुआ है।
नंगल डैम के पास देर रात सवारियों से फुल एचआरटीसी की बस के टायरों में अचानक आग लग गई। आनन-फानन में सवारियों को बस से उतारा गया। इसके बाद सभी यात्रियों को अन्य बसों में बैठा कर आगे के लिए रवाना किया गया।
दरअसल सोमवार की रात एचआरटीसी की हमीरपुर डिपो की बस मंडी के संधोल से दिल्ली जा रही थी। नंगल डैम के पास पंहुचते ही बस के टायरों से धुंआ उठते देख बस के यात्रियों ने शोर मचाया। इस पर बस चालक सलीम मुहम्मद ने बस को रोककर सवारियों को उतारा। तब तक टायरों में आग भड़क चुकी थी। लोगों ने एनएफएल के अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों के पता नहीं चल पाया।
बस चालक सलीम मुहम्मद ने बताया कि टायरों को खोल कर जांच करने पर ही पता चलेगा कि आग कैसे लगी। उधर, एनएफएल अग्निशमन विभाग के कर्मचारी वीरेंद्र मट्टू ने कहा कि अगर उनकी टीम मौके पर आकर आग पर काबू न पाती तो नुकसान अधिक हो सकता था।