थाना भुलत्थ के अधीन गांव तलवंडी पुरदल में रात के समय चोरों ने एक घर को निशाना बना लिया। हैरानी की बात यह रही कि चोरी की वारदात के दौरान परिवार के सदस्य घर के अंदर ही सो रहे थे, लेकिन उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी।
विज्ञापन
गुरबचन सिंह ने बताया कि सुबह उनकी माता अमरजीत कौर ने घर में अलमारियां खुली हुई देखीं। इसके बाद परिवार ने जांच की तो सभी कमरों में सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर घर से करीब 10 तोले सोना, 1500 अमेरिकी डॉलर और 30 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। परिजनों ने घटना की सूचना थाना भुलत्थ पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी।
थाना भुलत्थ के एसएचओ हरजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।