कमेटी के सदस्यों ने टावर पर बैठे दोनों बुजुर्गों से अपील की कि वे नीचे उतर आएं ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके लेकिन बुजुर्गों ने नीचे उतरने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कह जब तक हमारी मांगें नहीं मानी जाती हमारा धरना जारी रहेगा।
बैराज औसती संघर्ष कमेटी जैनी जुगियाल की ओर से अपनी मांगों को लेकर दो बुजुर्गों का धरना 19वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान टावर पर चढ़े दोनों बुजुर्गों कुलविन्दर सिंह 83 वर्षीय और शर्म सिंह 88 वर्षीय का हाल-चाल जानने के लिए कमेटी की ओर से टावर बनाने वाले दो प्रवासी मजदूरों को ऊपर भेजा गया।
विज्ञापन
बुजुर्गों ने नीचे उतरने से किया इनकार
कमेटी के सदस्यों ने टावर पर बैठे दोनों बुजुर्गों से अपील की कि वे नीचे उतर आएं ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। हालांकि, बुजुर्ग अपनी मांगों पर अड़े रहे और उन्होंने नीचे उतरने से इनकार कर दिया। कमेटी की ओर से प्रशासन से भी अपील की गई है कि टावर पर बैठे बुजुर्गों को जल्द से जल्द सुरक्षित रूप से नीचे उतारा जाए, ताकि किसी प्रकार का नुकसान न हो सके।कमेटी ने कहा कि बुजुर्गों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को इस मामले में तुरंत उचित कदम उठाने चाहिए।
साल 2010 से जारी है संघर्ष
संघर्ष कमेटी की मुख्य मांग है कि बिना जांच-पड़ताल के नौकरी पर रखे गए कर्मचारियों को हटाकर असली बैराज औसती संघर्ष कमेटी के सदस्यों को नौकरी दी जाए क्योंकि शाहपुर कंडी बैराज बांध के निर्माण से पहले इन संघर्ष कर्मियों की जमीन बांध में एक्वायर हुई थी। कमेटी के अनुसार, इस मांग को लेकर उनका संघर्ष वर्ष 2010 से चला आ रहा है और वे पहले भी कई बार अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं। अब दोनों बुजुर्गों ने आर-पार का संघर्ष शुरू कर दिया है। बुजुर्गों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से पुलिस, दमकल विभाग और सेहत विभाग को भी मौके पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।