जालंधर कोर्ट कॉम्प्लेक्स में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पेशी के लिए पहुंचे दो कथित गैंगस्टर पुलिस को देखते ही भागने लगे। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने बचने के लिए कोर्ट कॉम्प्लेक्स की छत से छलांग लगा दी। पुलिस ने पीछा कर दोनों को काबू कर लिया। छलांग लगाने के दौरान एक आरोपी के पांव में गंभीर चोट आ गई जिसके बाद उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि देवी तालाब मंदिर परिसर में हुई पत्थरबाजी के मामले में वांटेड दोनों आरोपी किसी अन्य केस की पेशी के लिए जालंधर कोर्ट कॉम्प्लेक्स में पहुंचे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम उन्हें पकड़ने के लिए कोर्ट पहुंची। पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने की कोशिश की और इसी दौरान छत से नीचे छलांग लगा दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया काबू
पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया। घायल युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद पुलिस उससे पूछताछ करेगी। दोनों की पहचान अमन और फतेह के रूप में हुई है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक तौर पर दोनों के नाम की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी तथा आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।