फरीदकोट जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने करीब 22 हजार लीटर संदिग्ध देसी घी से भरे टैंकर को अपने कब्जे में लिया है। यह टैंकर ग्रेटर नोएडा से कोटकपूरा के फरीदकोट रोड स्थित एक देसी घी की फैक्ट्री में सप्लाई के लिए पहुंचा था।
विज्ञापन
विभाग की टीम ने टैंकर से घी के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेज दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, जीएसटी विभाग की इंटेलिजेंस विंग को सूचना मिली थी कि ग्रेटर नोएडा से संदिग्ध देसी घी से भरा टैंकर कोटकपूरा आ रहा है। इस संबंध में जीएसटी विभाग ने स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया।
इसके बाद गुरुवार रात फूड कमिश्नर अमित जोशी के नेतृत्व में चंडीगढ़ से टीम कोटकपूरा पहुंची। टीम ने फरीदकोट के फूड सेफ्टी अधिकारी नवदीप सिंह चहल के नेतृत्व वाली टीम के साथ मिलकर फरीदकोट रोड स्थित फैक्ट्री में पहुंचे टैंकर को कब्जे में लिया। टैंकर से घी के सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए भेजे गए।
विज्ञापन
फूड सेफ्टी अधिकारी नवदीप सिंह चहल ने बताया कि टैंकर में करीब 22 हजार लीटर संदिग्ध देसी घी है। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल टैंकर विभाग के कब्जे में है।