कनाडा में भारतीय नौजवानों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के लैंगली इलाके में 25 वर्षीय भारतीय नौजवान तुषार शर्मा का शव जली हुई कार के अंदर मिलने से सनसनी फैल गई है। तुषार कनाडा के सरे शहर में रहता था। पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि तुषार की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई और वारदात के बाद सबूत मिटाने के इरादे से कार को आग के हवाले किया गया।
बीते 29 अक्टूबर की घटना
हालांकि हत्या के पीछे का मकसद अभी सामने नहीं आया है। घटना 29 अक्टूबर की रात करीब 10:26 बजे की है। लैंगली के रावलिसन क्रिसेंट इलाके में 23300 ब्लॉक के पास एक कार में आग लगने की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को मिली। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने जब आग बुझाई तो कार के अंदर मानव अवशेष मिले। इसके बाद मामला सामान्य आगजनी के बजाय हत्या का होने के संदेह में जांच के लिए भेज दिया गया।
कनाडा की इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम ने जांच अपने हाथ में ले ली है। लैंगली की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस, फोरेंसिक विशेषज्ञ और ब्रिटिश कोलंबिया कोरोनर्स सर्विस भी जांच में सहयोग कर रहे हैं। जांचकर्ताओं के मुताबिक तुषार का कनाडा में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और उसके परिचितों का दायरा भी सीमित था। पुलिस अब उसकी दिनचर्या, निजी संबंधों, हालिया गतिविधियों और घटना से पहले उसके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रही है।
जांच अधिकारी सार्जेंट फ्रीडा फोंग के मुताबिक जांचकर्ता कनाडा और विदेशों में रह रहे तुषार के परिवार तथा दोस्तों से संपर्क कर रहे हैं, ताकि उसकी जिंदगी और मौत से पहले की गतिविधियों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके। पुलिस का मानना है कि शुरुआती साक्ष्य इस घटना के किसी को निशाना बनाकर किए जाने की ओर संकेत करते हैं।