फिरोजपुर के ब्लॉक ममदोट के सीमावर्ती गांव सवाइंया राय में मंगलवारक सुबह सवा दस बजे पाकिस्तान ड्रोन ने भारतीय सीमा में घुसपैठ का प्रयास किया। सरहद पर तैनात बीएसएफ और सेना ने लगभग 22 राउंड फायरिंग की और ड्रोन को वापस पाकिस्तान की सीमा में लौटना पड़ा।
बताया जा रहा है कि यह पाकिस्तान ड्रोन भारत सीमा में घुसकर कोई विस्फोट करने का प्रयास कर रहा था। उसे देखते ही भारतीय सेना ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां दागी। ड्रोन गांव के सभी लोगों ने देखा और उसे अपने कैमरे में कैद कर लिया। वहीं फिरोजपुर के गांव खाईफेमीकी में पाकिस्तान ड्रोन हमले में जख्मी हुए तीन लोगों में से एक महिला की आज लुधियाना के अस्पताल में मौत हो गई है। मृतका की पहचान सुखविंदर कौर के रूप में हुई है।
सीएम मान ने दी घायलों को पांच लाख की आर्थिक मदद
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के ड्रोन और मिसाइल अटैक में घायलों को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है।
यह भी पढ़ें: पंचकूला में भड़की आग: इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्टरी में भयंकर आग, चारों तरफ फैला काला धुआं, बुझाने में जुटी दमकल की तीन गाड़ियां
डीसी ने कहा कि रात 10 बजे के बाद से जालंधर में कोई ड्रोन गतिविधि नहीं देखी गई। हमने एहतियात के तौर पर जालंधर के कुछ इलाकों में लाइट काट दी। चिंता की कोई बात नहीं है। वहीं, जिस स्थान पर ड्रोन गिराया गया है, वहां पुलिस अधिकारी भी पहुंचे गए हैं, जो बारीकी से जांच कर रहे हैं। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर का कहना है कि सूरानस्सी के सैन्य क्षेत्र में भी दो ड्रोन देखे गए हैं। मीरपुर और नंदपुर गांव के लोगों का कहना है कि उन्होंने छह से सात बार ऐसी गतिविधि देखी। उन्होंने आसमान में चमकीली रोशनी देखी और उसके बाद धमाके हुए। नंदनपुर और सूरानस्सी गांवों में ब्लैकआउट कर दिया गया।
दसूहा के गांव पंडोरी में हुए धमाके
वहीं, होशियारपुर के दसूहा तहसील के गांव पंडोरी में भी धमाकों की आवाज सुनी गई। गांव के रहने वाले एडवोकेट अमन मिन्हास ने बताया कि शाम करीब 8:30 बजे वह खाना खा रहे थे कि आसमान में चमकीली रोशनी दिखाई दी। उन्होंने तीन धमाके सुने। इसके कुछ ही देर के बाद ही ब्लैकआउट कर दिया गया। दसूहा के छांगला गांव के सरपंच देवलराज ने बताया कि रात करीब 8:45 बजे आसमान में तीन ड्रोन उड़ते हुए देखे गए। इसके बाद कुछ देर बाद धमाकों की आवाज सुनाई दी और आकाश में चिंगारियां देखी गईं।
सरहदी इलाकों में और दो दिन बंद रहेंगे स्कूल
भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते प्रशासन ने एहतियातन सरहदी जिलों अमृतसर, तरनतारन, पठानकोट, फिरोजपुर और फाजिल्का में अगले 48 घंटे तक यानी मंगलवार 13 मई तक स्कूल और कॉलेज बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। सोमवार रात को अमृतसर में अचानक ब्लैकआउट भी किया गया।
प्रशासन ने लोगों को किसी भी स्थिति में नहीं घबराने के लिए कहा है। पंजाब के अन्य जिलों की बात करें तो पटियाला, बठिंडा, मोहाली व अन्य जिलों में स्थिति सामान्य होने लग गई है। सोमवार को कई जिलो में स्कूल खुले। सरकार के उच्च अधिकारियों की मानें तो 14 मई से सरहदी इलाको में भी स्कूल और कॉलेज खुलने शुरू हो जाएंगे। वहीं, युद्ध हालात के बीच जो परीक्षाएं स्थगित की गई थी, उनको लेकर आने वाले दिनों में नए आदेश जारी किए जाएंगे।
बता दें पंजाब में एक जून से धान की बुआई शुरू होनी है, ऐसे में बॉर्डर एरिया में कुछ किसान ऐसे भी हैं, जिनकी जमीने कटीलें तारों के पार है, अब भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर को देखते हुए किसानों में आस जगी है कि एक जून से वह कटीली तारों के पार अपने खेतों में धान की बुआई कर पाएंगे। हालांकि करतारपुर कॉरिडोर और वाघा बॉर्डर को अगले आदेश तक बंद रखा जाएगा।