सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव पर पंजाब में विवाद गहराता जा रहा है। 1984 के सिख दंगों के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए लंबी कानूनी लड़ाई लड़ने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता एवं भाजपा नेता एचएस फूलका ने सोनिया गांधी को इस मामले में चुनौती दी है।
उन्होंने पंजाब भाजपा मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर सिख दंगों के संदर्भ में सोनिया गांधी की ओर से किए गए दावों को ऐतिहासिक तथ्यों और सरकारी रिकॉर्ड के विपरीत बताया। इस दौरान 1984 के दंगों के दौरान सेना की तैनाती में देरी पर भी सवाल खड़े किए गए।
उन्होंने कहा कि पुस्तक के माध्यम से राजीव गांधी और गांधी परिवार की जिम्मेदारी से ध्यान हटाने और उन्हें क्लीन चिट देने का प्रयास किया गया है। पुस्तक में गलत तथ्य प्रस्तुत करने के लिए सोनिया को माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जांच और न्यायिक प्रक्रिया में बाधाएं उत्पन्न करने जाने के कारण कई महत्वपूर्ण फाइलें और सबूत लगभग 18 साल बाद सामने आए। अब इस पुस्तक के माध्यम से ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर नरसंहार की वास्तविक सच्चाई को झुठलाने का प्रयास बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
सोनिया ने पुस्तक में क्या लिखा
सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में लिखा है कि 31 अक्तूबर 1984 को इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजीव गांधी ने उसी रात सेना प्रमुख जनरल एएस वैद्य से सेना बुलाने के लिए कहा था लेकिन जनरल वैद्य ने दिल्ली के निकट तैनात सैन्य इकाइयों में सिख जवानों की मौजूदगी के कारण उन्हें तैनात करने से परहेज किया और देहरादून जैसी दूर-दराज की जगहों से सेना बुलवाई।
फूलका के अनुसार, यह बयान तथ्यों से मेल नहीं खाता। इसके माध्यम से सेना की तैनाती में हुई देरी की जिम्मेदारी तत्कालीन सेना प्रमुख पर डालने का प्रयास किया गया है।