गांव रोडे में बुधवार की रात एक बेहद ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां खाना ठंडा होने के मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक की बहन के बयानों के आधार पर आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक गांव रोडे का रहने वाला मृतक मेयरजीत सिंह कई साल पहले गांव के ही एक डॉक्टर के पास काम करता था। डॉक्टरी लाइन का थोड़ा-बहुत अनुभव होने के बाद उसने घर पर ही अपनी क्लीनिक खोल ली और गांव के मरीजों को दवाई देता था। पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो मेयरजीत सिंह की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरी पत्नी उसे छोड़कर जा चुकी थी। घर में सिर्फ बाप-बेटा (मेयरजीत और उसका 22 वर्षीय बेटा लवप्रीत सिंह) ही साथ रहते थे। मेयरजीत खुद घर का खाना बनाता था और पिता-बेटे दोनों साथ खाते थे।
हालांकि, वह शराब पीने का आदी था, जिसके कारण अक्सर घर में तनाव रहता था। बुधवार की रात को हमेशा की तरह मेयरजीत सिंह ने खाना बनाया और अपने बेटे लवप्रीत सिंह को आवाज दी। उस समय लवप्रीत का एक दोस्त घर आया हुआ था, जिसके चलते वह उससे बातचीत करने में व्यस्त हो गया। दोस्त के जाने के बाद जब लवप्रीत खाना खाने बैठा, तो भोजन ठंडा हो चुका था।