जंगलों में रात को तीन डिग्री तापमान में विशेष अभ्यास
- फोटो : अमर उजाला
सेना के जवान अब बॉर्डर पर नाइट विजन चश्मों से पांच किलोमीटर तक दुश्मनों की हरकत पर नजर रख सकेंगे। इसके लिए पठानकोट के मामून कैंट के साथ लगते जंगलों में रात को 3 डिग्री तापमान में विशेष अभ्यास चल रहा है।
इस अभ्यास को शारीरिक सहनशक्ति, सामरिक कौशल और अगली पीढ़ी के हथियारों के इस्तेमाल पर केंद्रित किया गया है। यहां जवानों को रात की ड्यूटी के समय आने वाली मुश्किल चुनौतियों से निपटने में प्रशिक्षित किया जा रहा है।
कम दृश्यता में नाइट विजन चश्मों का इस्तेमाल किया जा रहा है। एक सप्ताह से चल रहे अभ्यास में जवानों के कंपीटिशन भी करवाया जा रहा है। रोज रात को मामून कैंट के जंगलों में 20-20 के ग्रुप में जवान अभ्यास कर रहे हैं।
यहां जवानों को टास्क भी दिए जा रहे हैं, जिसे उन्हें निर्धारित समय में पूरा करना होता है। उच्च अधिकारियों ने बताया कि कड़ाके की ठंड में कई बार ट्रेनिंग का समय आगे बढ़ा दिया जाता है, तो जवान कहते हैं कि हम तैयार हैं और टास्क पूरा करके रहेंगे। ड्रोन व नाइट विजन कैमरों से जवानों के अभ्यास की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी भी की जा रही है।