पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के घर पर फायरिंग
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के फरवाही स्थित घर के बाहर 12-13 सितंबर की मध्यरात्रि हुई फायरिंग के मामले में बरनाला पुलिस, काउंटर इंटेलिजेंस और संगरूर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो मुख्य शूटरों समेत अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
मंगलवार सुबह हुई मुठभेड़
डीआईजी पटियाला रेंज कुलदीप सिंह चहल ने बताया मंगलवार तड़के संगरूर-मानसा-बरनाला रोड पर संदिग्ध आरोपियों के होने की सूचना मिली थी। इसके बाद बरनाला मानसा रोड पर पुलिस टीमों ने नाकाबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरविंदर सिंह और गुरप्यार सिंह जिला संगरूर के रूप में हुई है । गुरविंदर सिंह के खिलाफ पहले भी करीब पांच मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पांव में गोली लगी, जबकि दूसरा बाइक से गिरने के कारण घायल हुआ और उसकी टांग में चोट आई। वहीं, बीती रात पुलिस ने गुरविंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, रमनप्रीत सिंह और गौरव शर्मा को गिरफ्तार किया है जिन्होंने वारदात को अंजाम देने के लिए शूटर्स की मदद की थी।
आरोपियों से हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। इसके अलावा संगरूर पुलिस ने गिरफ्तार किए गए एक अन्य आरोपी से देसी पिस्तौल बरामद की है। पुलिस मामले में इस्तेमाल हथियारों और वाहन के संबंध में भी जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, फायरिंग की वारदात को अंजाम देने वाले शूटरों के अलावा उन लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने कथित तौर पर वाहन उपलब्ध करवाने और सोशल मीडिया हैंडलिंग सहित अन्य तरीकों से आरोपियों की मदद की।
पुलिस खंगाल रही नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में मामले के तार कथित तौर पर ड्रग्स कार्टेल और जबरन वसूली के नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। विदेश में बैठे आपराधिक नेटवर्क से आरोपियों के संपर्क और फायरिंग के पीछे के उद्देश्य की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि फिलहाल किसी व्यक्ति का नाम सार्वजनिक करना उचित नहीं होगा। रिमांड के दौरान पूछताछ के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है। गिरफ्तार आरोपी संगरूर जिले के लहरागागा क्षेत्र और आसपास के गांवों से संबंधित हैं। मामले में अभी और गिरफ्तारियां हो सकती हैं और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।