पुलिस ने अवैध हथियारों और नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए नाबालिग समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन विदेशी पिस्टल, छह मैगजीन, चार कारतूस, 750 ग्राम हेरोइन और करीब ढाई लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस को मिली सफलता
एसएसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि डीएसपी गुरिंदरजीत सिंह की निगरानी में जलालाबाद सिटी पुलिस ने गांव टिवाना कलां के पास नाकाबंदी कर पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और हेरोइन बरामद हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी तस्करी से प्राप्त रकम परमजीत सिंह को भेजते थे।
जेल में बंद कैदी निकला मास्टरमाइंड
पुलिस ने परमजीत सिंह को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब ढाई लाख रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि फरीदकोट जेल में बंद साजन इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन कुमार, बूढ़ सिंह, अर्शदीप सिंह, करन, परमजीत सिंह और एक नाबालिग के रूप में हुई है। नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है। एक आरोपी की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।