पंजाब में बाढ़ आपदा की वजह से मरने वालों की संख्या 53 हो गई है। हालांकि प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ का पानी अब कम हो रहा है, लेकिन लोगों की परेशानियां कम नहीं हुई हैं। ऐसे में सरकार की तरफ से पीड़ितों की मदद और उन्हें तमाम सहुलियतें पहुंचाने के मकसद से विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग हो रही है।
शिअद के विधायक मनप्रीत अयाली ने पंजाब विधानसभा स्पीकर को पत्र लिखकर विधानसभा का इमरजेंसी विशेष सत्र बुलाने की मांग की है। अयाली ने पत्र में कहा कि राज्य में बाढ़ से प्रभावित किसानों, मजदूरों और दुकानदारों की समस्याओं को तत्काल हल करने की आवश्यकता है। बाढ़ ने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को अस्त-व्यस्त कर दिया है और हजारों परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में फसलों की भारी तबाही हुई है। किसान कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं और उन्हें राहत पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने विधानसभा में विशेष चर्चा कराने की अपील करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को फसल नुकसान, मकान गिरने, पशुओं की मौत और रोजगार ठप होने की स्थिति में उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही बाढ़ पीड़ितों को तुरंत वित्तीय सहायता और मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जाए। किसानों के कर्ज माफ किए जाएं और बीमा दावों की त्वरित अदायगी की जाए। पशुओं की मौत पर उचित मुआवजा और पशु चारे की व्यवस्था हो। मकानों और दुकानों को हुए नुकसान की भरपाई सरकार अपने स्तर पर करे। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं, पीने के पानी और दवाइयों की विशेष व्यवस्था की जाए।
अयाली ने कहा कि पंजाब सरकार जमीनी स्तर पर राहत पहुंचाना सुनिश्चित करे। उन्होंने केंद्र सरकार से भी पंजाब के लिए विशेष पैकेज की मांग की।
फोर्टिस में सीएम मान से मिले सांसद राजकुमार चब्बेवाल
मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में उपचाराधीन मुख्यमंत्री भगवंत मान से मिलने के लिए वीरवार को होशियारपुर के सांसद राजकुमार चब्बेवाल पहुंचे। उन्होंने सीएम से मुलाकात उनका हालचाल जाना। मुलाकात के बाद सांसद राजकुमार चब्बेवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री मान की सेहत में बहुत सुधार है। जल्द ही वह डिस्चार्ज हो जाएंगे। अस्पताल में एडमिट होने के बावजूद भी मुख्यमंत्री ने जनता के लिए काम किया। जिसका खेत उसकी रेत, किसानों को 20,000 प्रति एकड़ मुआवजा जैसे ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने बाढ़ ग्रस्त पंजाब के लिए 1600 करोड़ रुपये का जो ऐलान किया है, इससे अच्छा तो वह इस तरह की मदद का एलान ही न करते।