पंजाब में पनबस और पीआरटीसी ठेका कर्मचारी यूनियन ने मंगलवार को अपनी हड़ताल खत्म कर दी। बुधवार से चंडीगढ़ डिपो को छोड़कर अब सभी रूट पर सरकारी बसें चलनी शुरू हो जाएंगी, जिसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
दरअसल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ बैठक तय होने के बाद ही यूनियन ने अपनी हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया है। 15 जनवरी को पंजाब सिविल सचिवालय में सीएम ऑफिस में सुबह 11.30 बजे यह बैठक होगी, जिसके लिए यूनियन के पांच पदाधिकारियों को बुलाया गया है। बैठक में यूनियन की सभी मांगों पर विस्तार से चर्चा होगी। यूनियन ने साफ किया है कि अगर 15 को उनकी मांगें पूरी करने के संबंध में कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया तो वह दोबारा हड़ताल का एलान कर देंगे। साथ ही इस दौरान अपने प्रदर्शन को और तेज करेंगे व सीएम आवास का घेराव करेंगे।