बारिश ने बढ़ाई रामलीला कमेटियों की जांच
- फोटो : संवाद
चंडीगढ़ शहर में बारिश ने रामलीला कमेटियों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार बारिश के कारण रामलीला मैदान गीले हो गए हैं और कई जगह पानी भरने से मंचन की तैयारियों पर असर पड़ा है। हालात को देखते हुए कई रामलीला कमेटियों ने मंच के पर्दे समेट लिए हैं। अब कमेटियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि यदि आज रामलीला का मंचन नहीं हो पाया तो आने वाले दिनों में निर्धारित प्रसंगों को पूरा करने का दबाव बढ़ जाएगा।
बारिश ने तैयारियों पर फेरा पानी
इससे रामलीला के पूरे कार्यक्रम का गणित बिगड़ सकता है। चंडीगढ़ में इन दिनों विभिन्न सेक्टरों में रामलीलाओं का मंचन किया जा रहा है। कमेटियों ने कई दिनों पहले से इसकी तैयारियां शुरू कर दी थीं। कलाकारों की रिहर्सल से लेकर मंच की सजावट, प्रकाश व्यवस्था और वेशभूषा तक पर काफी मेहनत की गई है लेकिन बारिश ने तैयारियों पर पानी फेरने की स्थिति पैदा कर दी है।
रामलीला कमेटियों के पक्के मंचों को राहत
मैदानों में नमी और पानी जमा होने के कारण कलाकारों के लिए मंच पर आना-जाना मुश्किल हो रहा है। इसके अलावा पर्दे, सजावटी सामान और बिजली से जुड़े उपकरणों को सुरक्षित रखना भी बड़ी चुनौती बन गया है। कुछ रामलीला कमेटियों के मंच पक्के हैं और उनके पास बारिश से बचाव के पर्याप्त इंतजाम हैं। ऐसे में उन्हें कुछ राहत मिल सकती है।