पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) की तरफ से 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। 10वीं के परीक्षा परिणाम में भी बेटियों ने बाजी मारी है। फरीदकोट की अक्षनूर पंजाब टॉपर बनी है। अक्षनूर ने 650 में से 650 अंक हासिल किए हैं। अक्षनूर कौर फरीदकोट के संत सोहन दास मेमेरियल कोट सुखिया स्कूल की छात्रा है। पंजाब के तीनों टॉपरों में बेटियों ने ही बाजी मारी है। खास बात यह है कि तीनों टॉपरों के नंबर 650/650 हैं।
दूसरे स्थान पर श्री मुक्तसर साहिब के बाबा फरीद स्कूल छतियाना की रतिंदरदीप कौर ने बाजी मारी है। इसी तरह तीसरे स्थान पर मलेरकोटला के गांव चैउंदा के राम सरूप स्कूल की छात्रा अर्शदीप कौर ने जगह बनाई है।
शिक्षा सत्र 2024-25 में 10वीं कक्षा में कुल 277746 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। जिनमें से 265548 छात्रों ने यह परीक्षा पास की है। इस बार पास प्रतिशत 95.61 रहा है। कुल विद्यार्थियों में 131166 छात्राएं थी, जिनमें से 127029 (96.58 प्रतिशत) छात्राएं पास हुई हैं। वहीं 146576 छात्रों ने 10वीं की बोर्ड परीक्षा दी थी, जिनमें से 138517 (94.50 प्रतिशत) ने परीक्षा उतीर्ण की है। इनके अलावा 4 ट्रांसजेंडर में से 2 परीक्षा में पास हुए हैं।
शहरों से ज्यादा गांवों के छात्रों का दबदबा
पंजाब बोर्ड की 10वीं परीक्षा में इस बार ग्रामीण क्षेत्रों में परिणाम बेहतर रहा है। इस बार शहरी क्षेत्रों में 97524 विद्यार्थियों में से 92368 ने परीक्षा पास की है। इनका पास प्रतिशत 94.71 फीसदी रहा है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में 180222 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें 173180 ने सफलता हासिल की है। ग्रामीण क्षेत्रों का पास प्रतिशत 96.09 फीसदी रहा है।
सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम कम
10वीं की बोर्ड परीक्षा में इस बार सरकारी स्कूलों की प्रदर्शन प्राइवेट स्कूलों के मुकाबले कम रहा है। सरकारी स्कूलों से इस बार कुल 184984 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से 176605 छात्र ही पास हुए हैं और पास प्रतिशत 95.47 फीसदी रहा है। वहीं प्राइवेट स्कूलों से 73649 में से 71412 छात्रों ने परीक्षा पास की है और इनका पास प्रतिशत 96.96 प्रतिशत रहा है। वहीं एडेड स्कूलों की बात की जाए तो इस बार 19113 छात्रों ने 10वीं की परीक्षा दी थी, जिनमें से 17531 छात्र पास हुए हैं और इनका पास प्रतिशत 91.72 प्रतिशत रहा है।
12वीं में बेटियों ने लहराया परचम
बता दें कि 12वीं के परीक्षा परिणामों में इस बार टॉप-3 में बेटियों ने परचम लहराया है। पंजाब टॉपर बरनाला की हरसीरत कौर ने 500 में से 500 अंक हासिल किए हैं। 12वीं का परीक्षा परिणाम पिछले साल की तुलना में इस बार पास प्रतिशत कम हुआ है। इस साल पास प्रतिशत गिरकर 91.00 हो गया है, जो पिछली बार 93.04 था। वहीं बीते वर्ष तीनों टॉपर लड़के थे।
यह भी पढ़ें:
Road Rage: हाथ में तलवार, बीच बचाव करता कंडक्टर और ड्राइवर को दे थप्पड़ पर थप्पड़...हरियाणा रोडवेज की बस में क्यों हुआ बवाल