पंजाब पुलिस ने सांसद सुखजिंदर रंधावा के बेटे को धमकी देने वाले को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने सोशल मीडिया पर रंधावा के बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने धमकी देने वाले को अमृतसर से गिरफ्तार किया है।
गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया ने दी थी जान से मारने की धमकी
कस्बा फतेहगढ़ चूड़ियां में वीरवार को दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने पगड़ी सेंटर पर गोलियां चलाई थी। इस मामले को लेकर गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर कहा था कि उनके बेटे उदयवीर सिंह रंधावा को जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की ओर से जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
उनका कहना है कि वीरवार को उनका एक समर्थक उनके बेटे से मिला था। उस पर करीब एक घंटे के बाद गोली चला दी गई। उन्होंने कहा कि वह इस समय संसद सेशन के लिए दिल्ली में हैं, लेकिन कोई भी गैंगस्टर उन्हें हिला नहीं सकता। भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में गैंगस्टरवाद पैदा कर दिया है।
दो अज्ञात हमलावरों ने चलाई गोलियां
फतेहगढ़ चूड़ियां में परमिंदर सिंह निवासी गांव रणसिक्के कलां की दुकान सरदार पगड़ी हाउस पर वीरवार को करीब 11 बजे मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने गोली चला दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। गोली दुकान के शीशे पर लगी थी, जिसके कारण शीशा टूट गया था, लेकिन कोई जानी नुकसान नहीं हुआ था। वारदात की सूचना मिलते ही डीएसपी विपन कुमार और थाना फतेहगढ़ चूड़ियां के प्रभारी प्रभजोत सिंह मौके पर पहुंचे और दुकानदार के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।