पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट और पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह शनिवार को मोगा पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने जिले में हत्या की विभिन्न घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उनकी समस्याएं सुनीं। उनके साथ ऑल इंडिया कांग्रेस के सचिव रविंदर राव दलवी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय इंदर सिंगला भी माैजूद थे।
कांग्रेस नेताओं ने जून 2023 में मारे गए ज्वेलरी कारोबारी परमिंदर सिंह बिक्की के बेटे और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि आज परिवार से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझा गया है। परिवार को जिस तरह की मदद की जरूरत होगी, कांग्रेस पार्टी की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
इसके बाद पायलट नंबरदार बलजिंदर सिंह बल्ली के परिवार से मिलेंगे। बलजिंदर सिंह बल्ली की 18 सितंबर 2023 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गांव भिंडर कलां में जनवरी 2026 में मारे गए कांग्रेस के पूर्व पंचायत मेंबर उमरसीर सिंह के परिवार से भी पायलट मिलेंगे।
सचिन पायलट ने बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी जल्द पंजाब आएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में नशे और अपराध की समस्या को गंभीरता से लेने की जरूरत है।
उन्होंने आम आदमी पार्टी में राजनीतिक टूट का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी के कुछ सांसद भाजपा में जा चुके हैं। पायलट ने कहा कि कांग्रेस का मकसद सिर्फ राजनीतिक मुकाबला करना नहीं, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके हक में आवाज उठाना है।
पंजाब में नशे के मुद्दे पर विपक्ष द्वारा राजनीति किए जाने संबंधी मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सचिन पायलट ने कहा कि सरकार को आरोप-प्रत्यारोप लगाने के बजाय पंजाब के वास्तविक हालात पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सिर्फ विज्ञापनों में फोटो छपवाने से सरकार नहीं चलती, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है।
सचिन पायलट ने कहा कि पंजाब में बढ़ते अपराध और नशे की समस्या को लेकर सरकार को गंभीर कदम उठाने चाहिए, ताकि आम लोगों और व्यापारियों में सुरक्षा की भावना कायम हो सके।