परमिंदर सिंह बिक्की के बेटे से बात करते सचिन पायलट
- फोटो : संवाद
पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट, पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष परगट सिंह के साथ शनिवार को मोगा पहुंचे। उन्होंने मोगा में जून 2023 में मोगा में मारे गए ज्वेलर्स मालिक परमिंदर सिंह बिक्की के बेटे और परिवार से मुलाकात की। पायलट के साथ ऑल इंडिया कांग्रेस के सचिव रविंदर राव दलवी भी थे।
इसके बाद पायलट नंबरदार बलजिंदर सिंह बल्ली के परिवार से मिलेंगे। बलजिंदर सिंह बल्ली की 18 सितंबर 2023 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गांव भिंडर कलां में जनवरी 2026 में मारे गए कांग्रेस के पूर्व पंचायत मेंबर उमरसीर सिंह के परिवार से भी पायलट मिलेंगे।
गिद्दड़विंडी में कबड्डी खिलाड़ी तेजपाल के परिवार से मिलेंगे सचिन पायलट
कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट आज जगराओं के नजदीक सिधवां बेट के गांव गिद्दड़विंडी में कबड्डी खिलाड़ी तेजपाल सिंह के घर पहुंचेंगे। यहां वह तेजपाल सिंह के परिजनों से मुलाकात कर उनके साथ दुख साझा करेंगे और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करेंगे। इस दौरान जगराओं के हलका इंचार्ज एवं पूर्व विधायक जगतार सिंह जग्गा भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। इसके बाद सचिन पायलट भैणी साहिब जाएंगे।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में पंजाब में जिन परिवारों ने हत्या की घटनाओं में अपने परिजनों को खोया है, सचिन पायलट उन परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। इसी कड़ी में उनका गिद्दड़विंडी पहुंचने का कार्यक्रम है।
एसएसपी कार्यालय से महज 250 मीटर दूर हुई थी हत्या
गौरतलब है कि पिछले साल 31 अक्टूबर को जगराओं में कबड्डी खिलाड़ी तेजपाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दोपहर करीब 2:50 बजे एसएसपी कार्यालय से महज 250 मीटर की दूरी पर बदमाशों ने तेजपाल सिंह की छाती में गोली मार दी थी। इस वारदात ने इलाके में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए थे।
सचिन पायलट के दौरे के दौरान पूर्व विधायक जगतार सिंह जग्गा के अलावा कांग्रेस नेता करनजीत सोनी गालिब, ब्लॉक प्रधान नवदीप सिंह गरेवाल, मनी गर्ग समेत कई कांग्रेसी नेताओं के मौजूद रहने की संभावना है।