महान शहीद ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर सुनाम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत मान पहुंचे। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए शहीद को नमन किया और अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखते हुए विरोधी दलों पर कटाक्ष किया।
सीएम भगवंत मान ने सुनाम से अपनी पुरानी यादों को ताजा किया। उन्होंने कहा कि सुनाम मेरी जन्मभूमि भी है और कर्मभूमि भी। बचपन में 31 जुलाई को पिता जी के साथ यहां मेला देखने आता था और मंडियों में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर फसल बेचने आता था। सुनाम का कर्ज कभी अदा नहीं कर सकता।
उन्होंने 1993-94 के अपने लंदन दौरे का जिक्र किया। मान ने बताया कि वे लंदन घूमते वक्त किसी पर्यटन स्थल पर जाने की जगह सीधे कैक्सटन हॉल पहुंचे थे, जहां शहीद ऊधम सिंह ने जलियांवाला बाग के नरसंहार का बदला लिया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष देश की आजादी के 80 साल पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन पिछली सरकारों की नाकामी के कारण आज तक सड़कों, अस्पतालों और सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी रही। उन्होंने कहा कि साढ़े चार साल में बिना किसी रिश्वत या सिफारिश के युवाओं को मेरिट के आधार पर 68,685 सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। 600 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के तहत राज्य के 90 प्रतिशत घरों के बिजली बिल शून्य आ रहे हैं। राज्यवासियों के लिए 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज के लिए स्वास्थ्य कार्ड योजना शुरू की गई है, जो बड़े प्राइवेट अस्पतालों में भी मान्य है।
'मावां-धीयां सत्कार योजना ' के तहत 1 जुलाई को 32 लाख महिलाओं को लाभ मिला और 1 अगस्त को 40 लाख और महिलाओं के खातों में तीन महीने की राशि भेजी जाएगी।
किसानों के मुद्दे पर भगवंत मान ने कहा कि अब किसानों को रात में सिंचाई के लिए खेत नहीं जाना पड़ता। राज्य में खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए 14,000 किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइनें बिछाई जा चुकी हैं, जो दिल्ली से कनाडा की दूरी के बराबर है।
रजवाहों और नहरों की सफाई कर 21,000 क्यूसेक पानी अंतिम छोर (टेल) के खेतों तक पहुंचाया गया है। शिक्षा क्रांति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पद संभाला था, तब पंजाब शिक्षा के मामले में 27वें नंबर पर था। शिक्षकों को सिंगापुर और फिनलैंड भेजकर दी गई विश्वस्तरीय ट्रेनिंग और ढांचागत सुधारों के बल पर केंद्र सरकार की ताजा रैंकिंग में पंजाब, केरल को पछाड़ा कर देश में पहले नंबर पर आ गया है। इस वर्ष सरकारी स्कूलों के 882 बच्चों ने नीट परीक्षा पास की है।
चुनावों से पहले माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले विरोधियों को चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि पंजाब में नफरत का बीज कभी नहीं उग सकता है। हमारी सामाजिक एकता को कोई ताकत नहीं तोड़ सकती। समारोह को मनीष सिसोदिया, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने करीब एक सौ करोड़ की लागत की विकास योजनाओं की आधारशिला रखी और शिलान्यास किया। आयोजन में स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, सेहत मंत्री डाॅ. बलवीर सिंह, मंत्री बरिंदर गोयल आदि उपस्थित थे ।